Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 04 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दबंगों का तांडव! गेट तोड़कर घर में घुसे, पथराव कर तोड़ा ट्रैक्टर; पीड़ित ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

मथुरा के छाता थाना क्षेत्र के नगला बीर सैमरी गांव में दबंगई और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। जमीन के बैनामे के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में न तो जमीन देने तथा न ही पैसे लौटाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने कुछ रसूखदार लोगों के खिलाफ शिकायत की है। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा घर में घुसकर तोड़फोड़, पथराव और हमला करने का मामला भी सामने आया है।

पीड़ित चंद्रपाल के अनुसार उन्होंने गांव के कुछ लोगों को जमीन के बैनामे के लिए बड़ी रकम दी थी, लेकिन आरोपियों ने न तो जमीन उनके नाम की और न ही पैसे वापस किए। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।

चंद्रपाल का आरोप है कि 27 मई को लाठी-डंडों से लैस कई लोग उनके घर पहुंच गए। उस समय उनका भाई कन्हैया घर पर अकेला था। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर घर की छत पर चढ़कर पथराव किया। इसके बाद मुख्य गेट तोड़कर घर में घुस गए और जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने घर के आंगन में खड़े ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया और पानी की पाइपलाइन भी तोड़ दी।

पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन स्थानीय पुलिस ने विवेचना के दौरान मुख्य आरोपियों के नाम हटा दिए और कई गंभीर धाराओं को भी मुकदमे से निकाल दिया। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों से सांठगांठ कर मामले को कमजोर करने का आरोप लगाया है।

चंद्रपाल का यह भी कहना है कि अब उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि उनके पास मौजूद एक सामान्य एयर गन को राइफल बताकर उनके खिलाफ कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है।

मामले से निराश होकर पीड़ित गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पुलिस की भूमिका की जांच की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

Previous News

फ्रिज के नीचे छिपा था सांप, अदरक निकालते ही युवक को डसा; डॉक्टरों ने बचाई जान

Next News

अधिक मास में सेवा का संगम: श्रद्धालुओं के लिए लगाई गई 1000 लीटर नमकीन छाछ की विशाल प्याऊ