Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 03 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
3 महीने से वेतन नहीं, अब आर-पार की लड़ाई! 6 जून तक सैलरी नहीं मिली तो होगा उग्र आंदोलन

मथुरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनी लंबित मांगों को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की।

कर्मचारियों का आरोप है कि जिले में करीब 800 संविदा स्वास्थ्य कर्मी दिन-रात स्वास्थ्य सेवाएं संचालित कर रहे हैं, लेकिन पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा वर्ष 2025-26 का वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है। आर्थिक तंगी के चलते कर्मचारियों को परिवार का खर्च चलाने, बच्चों की स्कूल फीस जमा करने और आवश्यक जरूरतें पूरी करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के बाद कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ से मुलाकात की। कर्मचारी नेताओं के अनुसार सीएमओ ने उनकी मांगों को उचित बताते हुए 6 जून तक वेतन और बकाया भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। इसके बाद फिलहाल कर्मचारियों ने अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

हालांकि कर्मचारी संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 6 जून तक वेतन और बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो जिले भर के संविदा स्वास्थ्य कर्मी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Previous News

गाजियाबाद में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन: 6 हजार की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार

Next News

राम-केवट संवाद सुन भावुक हुए श्रद्धालु, बोले सुतीक्ष्ण दास महाराज- सच्ची भक्ति से ही मिलते हैं प्रभु