Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 03 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
महोली रोड के शराबियों के आतंक से परेशान कॉलोनीवासी, ठेके के बाहर किया प्रदर्शन - प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

मथुरा में महोली रोड के टीचर्स कॉलोनी की गली नंबर-3 में स्थित शराब के ठेके को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब कॉलोनीवासियों ने वार्ड नंबर-66 के पार्षद कुलदीप पाठक के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शराब ठेके से शराब खरीदने वाले लोग कॉलोनी के आसपास और गलियों में खुलेआम शराब पीते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब पीने के बाद लोग गली में गिलास और अन्य कचरा फेंक देते हैं तथा आए दिन हंगामा और अभद्रता करते हैं। इससे महिलाओं, युवतियों और बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉलोनीवासियों के अनुसार कई बार नशे में धुत लोग गली में घुसकर उत्पात मचाते हैं और विरोध करने पर बदसलूकी पर उतर आते हैं।

पार्षद कुलदीप पाठक ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा और कॉलोनी के शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखने के लिए इस समस्या का समाधान आवश्यक है।

इसी को लेकर कॉलोनीवासियों ने डंडे लेकर शराब ठेके के बाहर प्रदर्शन किया और कई घंटों तक विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कॉलोनी के आसपास खुलेआम शराब पीने वालों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस और प्रशासनिक निगरानी सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन के दौरान आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों ने केवल औपचारिकता निभाई और मौके पर कोई ठोस कार्रवाई करती हुई टीम दिखाई नहीं दी। इससे प्रदर्शनकारियों में और अधिक नाराजगी देखने को मिली।

कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक जिला प्रशासन और आबकारी विभाग इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Previous News

यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: मौसेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर

Next News

महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर सपा का हल्ला बोल, डीएम को सौंपा ज्ञापन