Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 02 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सुबह 10:30 बजे तक बंद रहे बलदेव ब्लॉक के दफ्तर, भड़के ग्रामीणों ने जताया विरोध

मथुरा के बलदेव विकास खंड कार्यालय में मंगलवार को प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया। सुबह करीब 10:30 बजे तक ब्लॉक परिसर के कई कार्यालयों पर ताले लटके रहे, जिससे दूर-दराज के गांवों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि एडीओ पंचायत, जूनियर इंजीनियर, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर समेत कई कर्मचारी नियमित रूप से समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते हैं। इससे जनसुनवाई प्रभावित होती है और विकास कार्यों में भी देरी होती है। कार्यालय बंद मिलने पर कई फरियादी घंटों तक अधिकारियों के आने का इंतजार करते रहे।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय बनाए गए हैं, तो वहां समय पर अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से आम जनता का समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं।

वहीं, सहायक विकास अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के चलते कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी अन्य स्थानों पर लगी हुई है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यदि कर्मचारी बाहर ड्यूटी पर हैं तो कार्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि लोगों को बेवजह परेशान न होना पड़े।

इस घटना के बाद ब्लॉक कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और ग्रामीणों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Previous News

ब्रेकिंग न्यूज़: आईपीएल जीत के बाद वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का, संत प्रेमानंद महाराज के चरणों में लिया आशीर्वाद

Next News

पुरुषोत्तम मास में सेवा का महायज्ञ, गोवर्धन रोटी बैंक पर हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद