Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 01 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पतंग उड़ाते समय हुआ बड़ा हादसा, 11 हजार केवी लाइन की चपेट में आया किशोर

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित देवीपुरा में रविवार शाम पतंगबाजी एक 12 वर्षीय किशोर के लिए भारी पड़ गई। घर की छत पर पतंग उड़ा रहा किशोर अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

घायल किशोर की पहचान कुलदीप पुत्र राकेश के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ देवीपुरा में किराए के मकान में रहता है। परिजनों के अनुसार कुलदीप रविवार शाम घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था, तभी पतंग के कारण उसका संपर्क हाईटेंशन लाइन से हो गया और वह करंट की चपेट में आ गया।

परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यह घटना एक बार फिर पतंगबाजी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की याद दिलाती है। गर्मियों में पतंग उड़ाने का शौक अक्सर हादसों में बदल जाता है। ऐसे में बच्चों और अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए तथा बिजली की तारों, रेलवे लाइनों और अन्य खतरनाक स्थानों से दूर रहकर ही पतंग उड़ानी चाहिए। साथ ही प्रतिबंधित विदेशी मांझे के प्रयोग से भी बचना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Previous News

वृंदावन में पत्रकारों को धमकी का आरोप, कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे मीडिया कर्मी

Next News

अमरनाथ यात्रा से पहले बड़ा फैसला! हफ्ते में 2 दिन बंद रहेगा श्रीनगर एयरपोर्ट