Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 01 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नरहौली बवाल: पुलिस पर पथराव कांड में 7 आरोपी गिरफ्तार, कई पर पहले से दर्ज हैं संगीन मुकदमे

मथुरा के नरहौली गांव में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद और पुलिस पर हमले के मामले में हाईवे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को नरहौली गांव में एक शादी समारोह के दौरान दो पक्षों में विवाद और मारपीट हो गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। घटना के संबंध में थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कर कई गंभीर धाराओं और सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में गुल्ला उर्फ भगवानदास सिंह, जवाहर सिंह, जय सिंह, अंकित, विष्णु, शिवकांत और जीतू उर्फ जितेंद्र शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मुख्य आरोपी गुल्ला उर्फ भगवानदास सिंह पर हत्या के प्रयास, मारपीट, दहेज उत्पीड़न, विद्युत चोरी और पुलिस पर हमले सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार लोगों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नरहौली गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Previous News

टोटी फैक्ट्री में बड़ी चोरी: 4 लाख का माल साफ, चांदी के लक्ष्मी-गणेश और DVR भी ले गए चोर

Next News

मौत से कुछ इंच दूर था यात्री, RPF की बहादुर बेटी ने खींचकर बचाई जिंदगी - प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसा था यात्री