मथुरा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित श्री इम्पेक्स इंडस्ट्रीज की थर्माकोल दोना-पत्तल फैक्ट्री में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया।
बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे फैक्ट्री से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री में रखे थर्माकोल और अन्य ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री मालिक दिनेश खंडेलवाल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सेना क्षेत्र के अधिकारियों ने तुरंत पानी के टैंकर भेजे। अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। रिफाइनरी से भी फायर टेंडर बुलाया गया। कुल नौ वाहनों और दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। शाम करीब साढ़े सात बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की गर्मी और तीव्रता के कारण आसपास के कुछ मकानों में दरारें आने की भी सूचना है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।