मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारपुरवा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे वहां काम कर रहे 5 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में सभी मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मजदूर रेत की खदान जैसे गहरे कुएं में काम कर रहे थे। तभी अचानक कुएं की दीवार और मिट्टी भरभराकर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी जेसीबी की मदद से दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के नाम:
- चुन्नू यादव
- रामपाल यादव
- राजकुमार यादव
- आशीष यादव
- चुनवाद पाल
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर एक ही यादव परिवार से जुड़े हुए थे और लंबे समय से कुआं खोदने का कार्य कर रहे थे।
मृतकों के परिजनों ने ग्राम प्रधान पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुएं की स्थिति पहले से ही कमजोर थी और पिछले साल पानी से कटाव भी हो चुका था। इसके बावजूद दोबारा खुदाई का काम शुरू कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद भी समय पर मदद नहीं पहुंची और सरपंच मौके से चले गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।