धर्मनगरी वृंदावन के पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। समाजसेवी ताराचंद गोस्वामी ने परिक्रमा मार्ग पर दंडवत कर नगर निगम के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
समाजसेवी का आरोप है कि नगर निगम द्वारा परिक्रमा मार्ग के बीचों-बीच बालू डलवा दी गई है, जो तेज धूप में सूखकर उड़ रही है। इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि उड़ती धूल लोगों के घरों तक पहुंच रही है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है।
ताराचंद गोस्वामी ने परिक्रमा मार्ग पर बेलगाम दौड़ते वाहनों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर परिक्रमा करने को मजबूर हैं, लेकिन नगर निगम और प्रशासन वाहनों पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
दंडवत प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परिक्रमा मार्ग को तुरंत दुरुस्त कराया जाए, धूल और बालू की समस्या खत्म की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए।
स्थानीय लोगों ने भी समाजसेवी के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाएं लगातार बिगड़ती जा रही हैं और प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।