Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 24 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पाकिस्तान के क्वेटा में ट्रेन पर आत्मघाती हमला, धमाके में 26 की मौत, BLA ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तान के क्वेटा में रविवार सुबह बड़ा आतंकी हमला हुआ, जब बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के आत्मघाती हमलावर ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट कर दिया। धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस हमले में अब तक कम से कम 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद कई घर और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पाकिस्तान के रेल मंत्री ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना आतंकी हमला बताया है।

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हमले की योजना पहले से तैयार थी और ट्रेन के गुजरने के समय को जानबूझकर चुना गया ताकि ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आत्मघाती हमलावर की पहचान और हमले की साजिश से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हैं। क्वेटा और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

Previous News

मथुरा में यमुना में नहाते समय किशोर डूबा, परिजनों में मचा कोहराम

Next News

वृंदावन में भीषण आग से मचा हड़कंप, पोशाक कारोबारी का गोदाम जलकर राख