साउथ ईस्ट दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात हुई डबल मर्डर की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर मां और उसके 15 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और मातम का माहौल है।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके बेटे कुशल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया। हमलावरों ने इतनी बेरहमी से वार किए कि मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल शारदा और उनका बेटा मौजूद थे। परिवार का मुखिया रोज की तरह बुध बाजार में दुकान लगाने गया हुआ था। देर रात जब वह घर लौटा तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। किचन में पत्नी और बेटा खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य वजह की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।