Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 21 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
टीम सेवार्थ ने शुरू किया मार्शल आर्ट समर कैम्प, एक महीने तक आत्मरक्षा के गुर सीखेंगी 210 बच्चियां

वृंदावन के युवाओं द्वारा समाजसेवा की नई सोच के साथ गठित “टीम सेवार्थ” ने मार्शल आर्ट समर कैम्प का शुभारंभ किया। संस्था का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के लिए उपयोगी सेवाकार्य करना और ब्रजवासियों को उसका लाभ पहुंचाना है। इसी क्रम में आयोजित इस विशेष समर कैम्प में वृंदावन के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 210 बच्चियां हिस्सा लेंगी।

एक महीने तक चलने वाले इस कैम्प में बच्चियों को जूडो, कराटे, कुंगफू और आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न हुनर सिखाए जाएंगे, ताकि वे शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ आत्मविश्वासी भी बन सकें। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रशिक्षु आईएएस सलोनी गौतम, डॉ. ऐश्वर्या गुप्ता, श्रीमती नेहा यादव और डॉ. दीप शिखा इंजीनियर द्वारा किया गया।

प्रशिक्षु आईएएस सलोनी गौतम ने कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए इस प्रकार के आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि छुट्टियों के दौरान बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सीखना चाहिए, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। बड़ी संख्या में बच्चियों की भागीदारी देखकर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि समाज में इस तरह की जागरूकता बेहद सकारात्मक संकेत है।

डॉ. ऐश्वर्या गुप्ता ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण बच्चों को फिटनेस के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। इससे बच्चे तनाव से दूर रहते हैं और कई प्रकार की बीमारियों से भी बचाव होता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को ऐसे कार्यक्रमों में भाग दिलाने की अपील की।

महिला सुरक्षा और मातृशक्ति के लिए कार्य करने वाली श्रीमती नेहा यादव ने कहा कि आजकल बच्चे मोबाइल और घरों तक सीमित होते जा रहे हैं। ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पार्षद वैभव अग्रवाल ने बताया कि मात्र सात दिनों में ही 210 बच्चियों का पंजीकरण हो चुका है, जो उम्मीद से कहीं बेहतर प्रतिक्रिया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में लड़कों के लिए भी एक विशेष समर कैम्प आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है, जिसमें तलवारबाजी और पट्टेबाजी जैसी पारंपरिक कलाओं को शामिल किया जाएगा।

उद्घाटन सत्र में बच्चियों के साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया, ताकि सभी एक-दूसरे से परिचित हो सकें। कार्यक्रम का समापन जलपान के साथ किया जाएगा।

 
Previous News

92 वर्षीय मां को पालकी में बैठाकर 84 कोस यात्रा करा रहे रामेश्वर, मातृभक्ति देख भावुक हुए श्रद्धालु

Next News

ब्राह्मण और महिला समाज पर टिप्पणी से भड़के विहिप कार्यकर्ता, सपा प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग