राजस्थान के धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित राजघाट के पास चंबल नदी किनारे बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस चराने गई 14 वर्षीय किशोरी पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी के गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद बच्ची का शव नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने चंबल नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और गहरे पानी के पास न जाने की अपील की है