मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग अभियान के दौरान ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मंगलवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। जीआरपी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी, छीनेती और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में प्लेटफार्म नंबर 8 स्थित पार्क के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र सरमन निवासी नदबई, अलवर राजस्थान और अर्पित पुत्र कृष्ण निवासी मछली मंडी थाना कोतवाली मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे लोगों का सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
फिलहाल जीआरपी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।