नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में हुए दीपक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ के बाद हत्या के सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला 17 मई का है, जब चोटपुर कॉलोनी में पैसों के विवाद को लेकर 20 वर्षीय दीपक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
बीती रात बहलोलपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को संदिग्धों की सूचना मिली। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी अमन और संदीप के पैर में गोली लग गई, जबकि दो बाल अपचारियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, अवैध हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।