मथुरा में वृद्ध महिला के साथ कथित मारपीट और पीड़ित पक्ष पर मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच के पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। संगठन ने पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामला 11 मई का बताया जा रहा है, जहां संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता आशिफ की मां नरगेश के साथ कथित रूप से पड़ोसियों द्वारा मारपीट की गई। आरोप है कि वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल स्थानीय चौकी और पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा पीड़ित पक्ष और बेकसूर लोगों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया।
सोमवार को अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच के पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस कप्तान को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष मोइनुद्दीन ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली संदिग्ध और पक्षपातपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पक्ष को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि बेकसूर लोगों को फंसाया जा रहा है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।