मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित शास्त्री नगर में हुए फायरिंग कांड में कृष्णा नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
दो दिन पहले शास्त्री नगर निवासी संदीप चौधरी पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। इस हमले में संदीप चौधरी के बाएं हाथ में गोली के छर्रे लगे थे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा और कृष्णा नगर चौकी इंचार्ज संजीव कुमार मौके पर पहुंचे थे। वहीं आईपीएस आशना चौधरी ने पीड़ित को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।
आईपीएस आशना चौधरी के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कृष्णा नगर चौकी इंचार्ज संजीव कुमार, उपनिरीक्षक मुश्ताक मेहदी और कांस्टेबल धर्मेंद्र की टीम ने अलवर बाजना पुल के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सिद्धार्थ उर्फ कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गोवर्धन चौराहे के पास स्थित हंसराज कॉलोनी का निवासी है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
कृष्णा नगर चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित संदीप चौधरी ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।