धौलपुर में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई, जिसमें आगामी 21 मई को प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी के धौलपुर आगमन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय में किया गया, जिसकी अध्यक्षता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह कंसाना ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और मां भारती के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुई।
बैठक में किसान मोर्चा के जिला महामंत्री मजन सिंह जादौन ने आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 21 मई 2026 को प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी धौलपुर आएंगे, जिसके स्वागत और आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस दौरान किसानों की समस्याओं के समाधान और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने को लेकर रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक किसानों और लाभार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
वहीं किसान मोर्चा अध्यक्ष धर्मेंद्र कंसाना ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने पर जोर दिया। बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने अपने विचार साझा किए।