Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 18 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर राजकीय संग्रहालय में सजी ऐतिहासिक प्रदर्शनी, छात्र-छात्राओं ने लिया आनंद

मथुरा के डैंपियर नगर स्थित राजकीय संग्रहालय में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक प्रतिमाओं और प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा लघु फिल्म के माध्यम से भारतीय इतिहास और संस्कृति की जानकारी प्राप्त की।


18 मई को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर डैंपियर नगर स्थित राजकीय संग्रहालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी अमरचंद दुबे ने फीता काटकर किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को संग्रहालय में रखी ऐतिहासिक प्रतिमाओं और धरोहरों के बारे में लघु फिल्म के माध्यम से जानकारी दी गई। वहीं संग्रहालय परिसर में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें गुप्तकाल, मौर्यकाल सहित विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों की मूर्तियां और कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी को देखकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर संग्रहालय के उपनिदेशक योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उपनिदेशक योगेश कुमार ने बताया कि संग्रहालय दिवस के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बच्चे ऐतिहासिक कलाकृतियों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं में उकेरेंगे।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार 18 मई से 30 मई तक राजकीय संग्रहालय में आम लोगों के लिए निशुल्क प्रवेश रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़ सकें।

Previous News

300 फीट गहरी खदान में गिरा ट्रक, 25 वर्षीय चालक की दर्दनाक मौत

Next News

गौरीगोपाल आश्रम के सुरक्षागार्ड पर जानलेवा हमला, मोबाइल चोरी के शक में कमरे में बंद कर पीटा