Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 17 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोवर्धन में ईद और अधिकमास मेले को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द और शांति व्यवस्था पर जोर

गोवर्धन थाना परिसर में ईद पर्व और अधिकमास मेले को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने दोनों आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की।

थाना गोवर्धन परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने स्थानीय व्यापारियों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के साथ कानून व्यवस्था और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया।

बैठक में अधिकमास मेले के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही अतिक्रमण को लेकर सख्त निर्देश देते हुए एसडीएम ने कहा कि यदि दुकानदार स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो उनका सामान जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अधिकमास मेले को देखते हुए इस बार बकरीद पर कुर्बानी न देने का निर्णय लिया, जिसका उपस्थित लोगों ने स्वागत किया और इसे आपसी सौहार्द का उदाहरण बताया।

प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए कि कुर्बानी के अवशेष खुले में न फेंके जाएं, बल्कि गहरे गड्ढों में निस्तारित किए जाएं, ताकि स्वच्छता बनी रहे और आवारा पशुओं से कोई समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में ईओ गोवर्धन चेतन तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर, राधाकुंड नगर पंचायत अध्यक्ष रामपाल मुंशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेश पहलवान सहित विभिन्न गांवों और समुदायों के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर दोनों आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

Previous News

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी का पुतला दहन - सपा कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन

Next News

लखनऊ में बुलडोजर एक्शन पर बवाल, वकील ने चैंबर में फंदा लगाकर दी आत्महत्या की धमकी